माइक्रोसॉफ़्ट हिन्दी ऑफ़िस 2003 / 2007 में अंतर्निर्मित हिन्दी वर्तनी जाँच उपलब्ध तो है, मगर बहुत बेकार किस्म का (वैसे ये अब तक उपलब्ध हिन्दी वर्तनी जाँच के तमाम औजारों में सर्वोत्तम भी है, तो इससे असरकारी हिन्दी वर्तनी जाँचक के बारे में अंदाजा लगाया जा सकता है,) – और आमतौर पर लड़की, लड़कियों, लड़कियाँ इत्यादि की वर्तनी जाँच में (स्क्रीनशॉट नीचे देखें-) मार खा जाता है.
तो, यदि आप शुद्ध हिन्दी का कोई एक पेज का पाठ इसके अंतर्निर्मित वर्तनी जाँच से जाँच करेंगे तो पाएंगे कि आपके पाठ में कोई 10 से 40 प्रतिशत तक अशुद्धियाँ यह बता रहा है!
इसे दूर करने के लिए आपको अपने कस्टम डिक्शनरी में सही वर्तनी वाले शब्दों को एकत्र करते रहना होता है. अच्छी वर्तनी जाँच के लिए हर किस्म और रूप के शुद्ध हिन्दी शब्दों को एकत्र किया जाना टेढ़ी खीर है. फिर भी आपकी सुविधा के लिए एक लाख से ऊपर के हिन्दी शब्दों की एक कस्टम डिक्शनरी फ़ाइल यहाँ अपलोड की गई है जिसका प्रयोग आप कर सकते हैं. कृपया ध्यान दें कि वैसे तो आमतौर पर प्रचलित शब्दों के सही वर्तनी वाले शब्दों को ही इस संकलन में लिया गया है, मगर फिर भी वर्तनी की बहुत सी अशुद्धियाँ इस संकलन में भी समाहित हैं, और यह शत प्रतिशत शुद्धता का दावा नहीं करता. ध्यान दें कि गलत वर्तनी वाले शब्द ऐसे संकलन में होंगे तो वर्तनी जाँच में वे गलत शब्द पकड़ में नहीं आएंगे. फिर भी, आमतौर पर प्रचलन में लिखत-पढ़त की भाषा की वर्तनी जाँच में यह संकलन 99 प्रतिशत शुद्धता तो प्रदान करता ही है. मैं इसका प्रयोग अरसे से कर रहा हूँ.
इसे आप यहाँ से डाउनलोड कर सकते हैं -
http://cid-60eace63e15a752a.skydrive.live.com/self.aspx/.Public/CUSTOM.zip
यह एक जिप फ़ाइल है. इसे आप अनजिप करें. आपको custom.dic नाम की फ़ाइल मिलेगी. आप चाहें तो इसकी सामग्री को नोटपैड में खोल कर अपने स्वयं के custom.dic में कॉपी-पेस्ट कर सकते हैं (ताकि आपका पुराना संग्रह भी मौजूद रहे) या फिर इस फ़ाइल को अपनी फ़ाइल से बदल सकते हैं. चूंकि शब्द संग्रह अधिक है, अतः ऑफ़िस 2003 में थोड़ा धीमा चल सकता है. ऑफ़िस 2007 में धीमा तो चलता है, मगर उतना नोटिस लेने लायक नहीं.
आमतौर पर custom.dic फ़ाइल यूजर प्रोफ़ाइल में रहता है. उदाहरण के लिए, विंडोज 7 में यह निम्न डिरेक्ट्री में रहता है – (प्रयोक्ता ravi के लिए)
C:\Users\ravi\AppData\Roaming\Microsoft\UProof
अन्य संस्करणों के लिए आप चाहें तो custom.dic फ़ाइल के स्थान के लिए खोज सकते हैं.
ध्यान दें कि यह हिन्दी का custom.dic एमएस ऑफ़िस हिन्दी के 2003 तथा 2007 संस्करणों में अथवा हिन्दी भाषा के वर्तनी जाँचक एनेबल / संस्थापित किए अंग्रेज़ी के संस्करणों (सामान्य अंग्रेज़ी संस्करणों में नहीं) ही काम करता है.
---