वैसे तो अब हर किस्म के हिंदी फ़ॉन्टों को यूनिकोड में तथा वापस यूनिकोड से पुराने हिंदी फ़ॉन्टों में तथा उनमें भी वापस आपस में परिवर्तन करने की बहुत सी सुविधाएँ आ गई हैं, और समय समय पर उनके बारे में बहुत सी जगहों पर लिखा भी गया है. मगर फिर भी अभी भी नए/पुराने प्रयोगकर्ताओं के सामने नित्य कुछ न कुछ दिक्कतें आती ही रहती हैं. यह प्रश्नोत्तरी (FAQ) इस समस्या का जेनुइन समाधान करने की कोशिश करेगी.
प्र. - क्या किसी भी हिंदी फ़ॉन्ट की सामग्री को शतप्रतिशत शुद्धता के साथ यूनिकोड में बदला जा सकता है?
उ. हाँ. डांगी सॉफ़्ट का प्रखर देवनागरी फ़ॉन्ट परिवर्तक शत प्रतिशत शुद्धता के साथ 200 से अधिक हिंदी फ़ॉन्टों की सामग्री को यूनिकोड में बदल सकता है.
प्रखर देवनागरी फ़ॉन्ट परिवर्तक के संबंध में अधिक जानकारी यहाँ से प्राप्त करें -
http://www.4shared.com/u/5IPlotQZ/DangiSoft_India.html
प्र. - क्या किसी 400 पेज के दस्तावेज (वर्ड डाक्यूमेंट) को एक ही बार में फ़ॉन्ट परिवर्तित किया जा सकता है?
उ. - हाँ. सिल कन्वर्टर के बल्क वर्ड कन्वर्टर के प्रयोग से यह किया जा सकता है. सिल कन्वर्टर के बारे में अधिक जानकारी यहाँ से प्राप्त करें:
http://raviratlami.blogspot.com/2010/05/blog-post_26.html
प्र. - क्या एक्सेल फ़ाइल का फ़ॉन्ट परिवर्तित किया जा सकता है?
उ. - हाँ. सिल कन्वर्टर के जरिए यह किया जा सकता है. सिल कन्वर्टर के बारे में अधिक जानकारी यहाँ से प्राप्त करें:
http://raviratlami.blogspot.com/2010/05/blog-post_26.html
प्र. - क्या वर्ड डाक्यूमेंट की फ़ाइल की टैक्स्ट की फ़ॉन्ट फार्मेटिंग बनाए रखते हुए फ़ॉन्ट परिवर्तन किया जा सकता है? जैसे कि मेरे वर्ड डाक्यूमेंट में हिंदी अंग्रेजी शब्दों का मिश्रण है और मैटर भी हेडिंग, सब हेडिंग, फूटर इत्यादि समेत व रंगीन है.
उ. - हाँ. सिल कन्वर्टर के बल्क वर्ड कन्वर्टर के जरिए यह किया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए ऊपर के प्रश्न में दिए गए लिंक पर जाएँ
प्र. - क्या पेजमेकर फ़ाइल की सामग्री का फ़ॉन्ट परिवर्तन किया जा सकता है?
उ. - हाँ. टैक्स्ट को कॉपी-पेस्ट कर या फ़ाइल को एचटीएमएल में एक्सपोर्ट कर उसे वर्ड के रूप में खोल कर दो चरणों में यह कार्य किया जा सकता है.
प्र. - क्या हिंदी पीडीएफ़ फ़ाइल की सामग्री का फ़ॉन्ट परिवर्तन किया जा सकता है?
उ. - हाँ भी और नहीं भी. पीडीएफ़ फ़ाइल कई तरीकों से बनाई जाती है. यदि स्कैन कर चित्र के रूप में पीडीएफ बनाया गया है तो नहीं. यदि टैक्स्ट मैटर को प्रिंट कर पीडीएफ़ बनाया गया है तो हाँ. वह भी यदि पीडीएफ में पासवर्ड डालकर उसे एनक्रिप्ट नहीं किया गया हो या पासवर्ड प्राप्त हो तब. यदि पीडीएफ़ का टैक्स्ट एक्स्ट्रैक्ट हो जाता है (सेव एज टैक्स्ट के रूप में) तो फ़ॉन्ट परिवर्तित हो सकता है. हिंदी की पीडीएफ़ फ़ाइल किस फ़ॉन्ट में है यह जानने के लिए पीडीएफ के भीतर दस्तावेज की फ़ॉन्ट प्रापर्टी देखें.
प्र. - क्या हिंदी / यूनिकोड हिंदी मैटर को रोमन (अंग्रेज़ी) अथवा दूसरे भारतीय भाषाओं की लिपि में परिवर्तित किया जा सकता है?
उ. - हाँ. सिल कन्वर्टर के जरिए यह किया जा सकता है. अलबत्ता आपको यह कार्य कई चरणों में करना पड़ सकता है.
प्र. - मेरे पास एक पेज का छोटा सा मैटर है. क्या उसे परिवर्तित करने का त्वरित, फोकट का ऑनलाइन जुगाड़ है?
उ. - हाँ. है. वैसे तो बहुत से हैं. तकनीकी हिंदी खंड में दर्जनों हिंदी फ़ॉन्ट के मैटर को यूनिकोड में और वापस यूनिकोड से पुराने फ़ॉन्ट में तत्काल बदलने का ऑनलाइन (फाइल सेव कर रख लें तो ऑफलाइन भी) मुफ़्त जुगाड़ है. लिंक यह है -
http://raviratlami.blogspot.com/2010/10/blog-post_22.html
प्र. - आपकी निगाह में सबसे बढ़िया फ़ॉन्ट परिवर्तक कौन सा है?
उ. - यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी आवश्यकता कैसी है. यदि आप बड़ी फ़ाइलों में काम करते हैं, फार्मेटिंग बचाए रखना है, मैटर हिंदी-अंग्रेज़ी मिक्स है तो सिल कन्वर्टर का विकल्प नहीं. यदि आप बहुत से विचित्र और अजनबी किस्म के हिंदीं फ़ॉन्टों में कन्वर्शन करना चाहते हों और साथ ही यदि शुद्धता आपकी प्रथम आवश्यकता हो तो डांगी सॉफ़्ट का प्रखर देवनागरी परिवर्तक उत्तम है. यदि आपको छोटे मोटे फ़ॉन्ट कन्वर्शन कार्य यदा कदा निपटाने हों तो तकनीकी हिंदी खंड में उपलब्ध फ़ाइल कन्वर्टरों का कोई तोड़ नहीं, बशर्तें कि आपके फ़ॉन्ट कन्वर्टर वहाँ हो.
प्र. - क्या फ़ॉन्ट कन्वर्टर के लिए मुझे कोई राशि देनी होगी?
उ. - नहीं. यदि आप सिल कन्वर्टर या तकनीकी हिंदी खंड के कन्वर्टर प्रयोग करते हैं तो नहीं. ये सभी मुफ्त फ़ॉन्ट परिवर्तक हैं. डांगी साफ़्ट प्रखर देवनागरी परिवर्तक हेतु आपको भुगतान करना होगा जो (संभवतः अभी) 1 लाइसेंस हेतु 1500 रुपए (लगभग 35 यूएसए डालर) है.
प्र. - क्या यूनिकोड से पुराने हिंदी फ़ॉन्ट जैसे कि कृतिदेव या चाणक्य में परिवर्तित किया जा सकता है?
उ. - हाँ. सिल कन्वर्टर, और तकनीकी हिंदी खंड की फ़ाइलों से कुछ प्रचलित फ़ॉन्टों में कन्वर्ट किया जा सकता है. डांगी सॉफ़्ट का एक अलग किस्म का फ़ॉन्ट कन्वर्टर खास यूनिकोड पाठ को पेजमेकर फ्रेंडली फ़ॉन्टों में बदलने के लिए भी उपलब्ध है.
---
यदि अब भी आपकी कोई समस्या यहाँ अनुत्तरित रह गई है तो निसंकोच पूछें.



















